दंतेवाड़ा में धूमधाम से मनाया गया बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव, टेकनार चौक में हुआ भव्य खिचड़ी प्रसाद वितरण
दंतेवाड़ा के टेकनार चौक में बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। आयोजन में भव्य भंडारा कर खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। छविंद्र कर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है।
UNITED NEWS OF ASIA. असीम पाल, दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में आज बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के टेकनार चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य छविंद्र कर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें विशेष रूप से खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर बाबा खाटू श्याम जी का स्मरण करते हुए प्रसाद ग्रहण किया।
छविंद्र कर्मा ने कहा कि बाबा खाटू श्याम जी के नाम से प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में एकता और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत और “श्याम नाम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ प्रसाद ग्रहण कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विमल सलाम, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश दुर्गा, आकाश विश्वास, गायेंद्र सिंह, अरुण सोनानी, आयुष यादव, सोम आत्राम, छविंद्र नेताम, त्रिनाथ, अभिषेक सलाम समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम से प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।