समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, वीबी जी राम योजना और सीएम हेल्पलाइन मामलों में तेजी लाने के निर्देश
बेमेतरा में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने वीबी जी राम योजना, सीएम हेल्पलाइन, सुशासन तिहार, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र और अन्य जनहितकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे तथा विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग लक्ष्य आधारित कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें और योजनाओं का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए।
बैठक में वीबी जी राम योजना के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और फील्ड निरीक्षण के माध्यम से गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण केवल पोर्टल पर बंद करने तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक और स्थायी समाधान मिले। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग कम है, वे विशेष अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें और अगली समीक्षा तक सुधार सुनिश्चित करें।
सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण किया जाए। जिन मामलों में कार्रवाई शेष है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को जिले के जर्जर आंगनबाड़ी भवनों का विकासखंडवार सर्वे कर सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने को कहा गया। राजस्व विभाग को विद्यार्थियों और पात्र नागरिकों के जाति प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण गुणवत्ता और परीक्षा परिणामों में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं नगरीय निकाय और पंचायत विभाग को सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों को गौठानों एवं कांजी हाउस में सुरक्षित रखने तथा वहां चारा, पानी और उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयीन समीक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करें और जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को पारदर्शी, संवेदनशील और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है।