वीरांगना अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संबोधन, विकास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कवर्धा के सेमरिया में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि देते हुए विकास, महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण का संकल्प दोहराया।

Mar 23, 2026 - 13:49
 0  4
वीरांगना अवंतीबाई लोधी बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संबोधन, विकास और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संकल्प

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले के ग्राम सेमरिया में वीरांगना अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उनकी प्रतिमा का अनावरण कर पुष्प अर्पित किए और उनके अदम्य साहस एवं राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ संत-महात्माओं की पुण्य भूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है, जिसे विकसित और समृद्ध बनाना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुशासन के माध्यम से 3 करोड़ लोगों की खुशहाली सुनिश्चित करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेमरिया सहित आसपास के छह ग्रामों—कुम्हार दनिया, गोछिया, भाटकुंडेरा, दनिया खुर्द और दानी घाटोली—में स्थापित प्रतिमाओं का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपए, यज्ञशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपए और मिनी स्टेडियम के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष कर अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि लोधी समाज का इतिहास वीरता और राष्ट्रसेवा से भरा हुआ है और आज भी यह समाज देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘महतारी वंदन योजना’ का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश की 70 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 16 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। इससे महिलाओं में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने ‘रामलला दर्शन योजना’ का भी जिक्र करते हुए बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आस्था और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी वीरांगना अवंतीबाई लोधी के बलिदान को याद करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य निर्माण पर ध्यान देने की अपील की।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और समाज की एकजुटता ही प्रदेश की प्रगति का आधार है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन एवं लोधी समाज के लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल वीरांगना के बलिदान की स्मृति का प्रतीक बना, बल्कि समाज को प्रेरणा देने वाला भी साबित हुआ।