उन्होंने कहा कि राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के भविष्य के विकास का स्पष्ट रोडमैप है। इस बजट में समाज के सभी वर्गों – किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और उद्योग जगत – की आवश्यकताओं को संतुलित रूप से शामिल किया गया है।
आशा देवी साहू एवं दास जी साहू ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई, ऊर्जा और अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए किए गए विशेष प्रावधान प्रदेश को नई दिशा देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इन क्षेत्रों में निवेश से ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में जीवन स्तर में सुधार आएगा और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र दामोदर दास मोदी के नेतृत्व में कार्य कर रही भारतीय जनता पार्टी सरकार और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ आज विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से प्रदेश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कार्य हो रहा है।
आशा देवी साहू, जो रायपुर जिला अध्यक्ष भी हैं, ने प्रदेश की गंभीर समस्या नक्सलवाद पर भी सरकार की नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्रभावी रणनीति और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण नक्सलवाद अब खात्मे की ओर है। जैसे-जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होगी, वैसे-वैसे वहां सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा। इससे निवेश का माहौल बेहतर बनेगा और उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
दास जी साहू ने कहा कि कृषि क्षेत्र के लिए आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को आर्थिक सहयोग से उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि बजट में कृषि आधारित उद्योगों और प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देने के प्रावधानों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उन्होंने आगे कहा कि औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे राज्य में नए उद्योग स्थापित होंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे युवाओं को प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर भविष्य मिलेगा।
अंत में आशा देवी साहू और दास जी साहू ने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट पूरे छत्तीसगढ़ के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि साय सरकार का यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा और आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम स्पष्ट रूप से देखने को मिलेंगे।