छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान: 1 जून से अब तक 307.2 मिमी बारिश, सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे आगे
छत्तीसगढ़ में 1 जून से 18 जुलाई 2026 तक औसतन 307.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बिलासपुर संभाग के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सबसे अधिक 525.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। प्रदेशभर में मानसूनी बारिश से खेती-किसानी की गतिविधियों में तेजी आई है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और लगातार हो रही बारिश से प्रदेशभर में खेती-किसानी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 18 जुलाई 2026 तक जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक राज्य में औसतन 307.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। यह पिछले दस वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा (375.4 मिमी) का लगभग 81.8 प्रतिशत है। वहीं, 18 जुलाई को पूरे प्रदेश में औसतन 17.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सबसे अधिक बारिश बिलासपुर संभाग में दर्ज की गई है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला पूरे प्रदेश में शीर्ष पर रहा, जहां अब तक 525.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो जिले की सामान्य औसत से लगभग 178.7 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में 441.5 मिमी, बिलासपुर में 383.7 मिमी, मुंगेली में 365.4 मिमी, सक्ती में 360.0 मिमी, कोरबा में 343.6 मिमी तथा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 299.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ जिले में अब तक 283.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है।
सरगुजा संभाग में भी मानसून का असर बेहतर देखने को मिला है। बलरामपुर जिले में 337.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य से लगभग 148 प्रतिशत अधिक है। वहीं कोरिया में 267.9 मिमी, जशपुर में 267.3 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 266.8 मिमी और सूरजपुर में 252.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि सरगुजा जिले में अब तक केवल 161.0 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य औसत से कम मानी जा रही है।
रायपुर और दुर्ग संभाग में भी मानसूनी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। महासमुंद में 397.5 मिमी, बलौदाबाजार में 390.3 मिमी, गरियाबंद में 370.6 मिमी और रायपुर में 367.8 मिमी संचयी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं धमतरी में 278.8 मिमी बारिश हुई है। दुर्ग संभाग में दुर्ग में 331.5 मिमी, बालोद में 326.3 मिमी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 243.0 मिमी, बेमेतरा में 222.0 मिमी तथा कबीरधाम में 209.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि राजनांदगांव में अब तक केवल 142.9 मिमी वर्षा हुई है।
बस्तर संभाग में भी कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। दंतेवाड़ा 405.5 मिमी वर्षा के साथ संभाग में सबसे आगे है। इसके बाद नारायणपुर में 354.0 मिमी, बीजापुर में 311.8 मिमी, बस्तर में 292.7 मिमी, कोंडागांव में 254.0 मिमी, सुकमा में 249.5 मिमी और कांकेर में 239.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में अब तक 195.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है।
लगातार हो रही बारिश से किसानों ने धान की बुवाई और अन्य खरीफ फसलों की खेती में तेजी लाई है। मौसम विभाग और प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे जलाशयों का जलस्तर बढ़ने के साथ कृषि क्षेत्र को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार लगातार वर्षा की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।