आयुष्मान भारत योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को दो राष्ट्रीय पुरस्कार
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर दो प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र की प्रतिबद्धता और पारदर्शिता का परिणाम बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। भारत सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा पुणे (महाराष्ट्र) में 17 एवं 18 अप्रैल 2026 को आयोजित चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। यह सम्मान योजना के सफल संचालन, सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था और पारदर्शी क्लेम प्रबंधन प्रणाली के लिए प्रदान किया गया है।
इस राष्ट्रीय मंच पर देश के सभी राज्यों को आमंत्रित किया गया था, जहां योजना के बेहतर क्रियान्वयन और अनुभवों के आदान-प्रदान पर चर्चा हुई। इस दौरान छत्तीसगढ़ को “बेस्ट परफॉर्मिंग लार्ज स्टेट” की श्रेणी में दो प्रमुख अवार्ड प्रदान किए गए, जो राज्य के स्वास्थ्य तंत्र की दक्षता और कार्यशैली को दर्शाते हैं।
पहला पुरस्कार “हाई ट्रिगर एफिकेसी” श्रेणी में मिला, जिसमें राज्य ने संदिग्ध क्लेम की पहचान और उनके प्रभावी विश्लेषण में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्नत आईटी आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली और मजबूत ऑडिट व्यवस्था के माध्यम से अनियमितताओं की समय पर पहचान सुनिश्चित की गई है। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि योजना की विश्वसनीयता भी मजबूत हुई है।
दूसरा पुरस्कार “टाइमली प्रोसेसिंग ऑफ सस्पिशियस क्लेम्स” श्रेणी में मिला, जिसमें छत्तीसगढ़ ने संदिग्ध दावों के त्वरित और समयबद्ध निपटान में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर क्लेम की जांच, निर्णय और निष्पादन सुनिश्चित कर राज्य ने जवाबदेही और पारदर्शिता का बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है।
राज्य में क्लेम ऑडिट तंत्र को सशक्त बनाने, ट्रिगर आधारित निगरानी प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने और अस्पतालों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के कारण संदिग्ध मामलों के निराकरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसके चलते क्लेम प्रोसेसिंग की गुणवत्ता में वृद्धि हुई है और अनावश्यक विलंब में कमी आई है। इसका सीधा लाभ प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को मिल रहा है, जिन्हें समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य तंत्र की प्रतिबद्धता, पारदर्शिता और निरंतर सुधार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासनिक टीम और सभी सहयोगी संस्थानों के सामूहिक प्रयास का प्रतिफल है। भविष्य में भी राज्य इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।
यह सम्मान न केवल छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह देशभर में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य की मजबूत और प्रभावी भूमिका को भी रेखांकित करता है।