CG Morning News: CM साय आज किसान मोर्चा की बैठक में होंगे शामिल, झीरम घाटी मामले में फैसले पर नजर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज खनिज विभाग के कार्यक्रम और किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। झीरम घाटी हत्याकांड मामले में NIA कोर्ट के संभावित फैसले पर नजर रहेगी। वहीं गंगरेल बांध से 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, बस्तर में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों की ट्रेनिंग का दूसरा दिन है और नवा रायपुर में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स रोड शो आयोजित होगा।

Aug 31, 2026 - 09:28
 0  3
CG Morning News: CM साय आज किसान मोर्चा की बैठक में होंगे शामिल, झीरम घाटी मामले में फैसले पर नजर

UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं प्रदेश के चर्चित झीरम घाटी हत्याकांड मामले में NIA कोर्ट के संभावित फैसले पर लोगों की नजर बनी हुई है। इसके अलावा गंगरेल बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने, बस्तर में कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम और नवा रायपुर में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स रोड शो को लेकर भी दिनभर गतिविधियां जारी रहेंगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह 11.30 बजे मेफेयर लेक रिसोर्ट में आयोजित खनिज साधन विभाग के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 3.15 बजे वे किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति के समापन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के इस कार्यक्रम में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

झीरम घाटी हत्याकांड मामले में आज फैसला आने की संभावना है। रायपुर स्थित NIA कोर्ट में लंबे समय से चल रहे इस चर्चित मामले में 101 गवाहों और 100 आरोपियों के बयानों के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था। दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने 31 अगस्त को फैसला सुनाने की तारीख तय की थी। ऐसे में आज आने वाले संभावित फैसले पर प्रदेशभर की निगाहें टिकी हुई हैं।

लगातार बारिश के बीच गंगरेल बांध से करीब 2500 क्यूसेक पानी नहरों में छोड़ा गया है। सिंचाई विभाग के इस फैसले के बाद पानी के सोमवार सुबह तक 58 मील से पहले स्थित ग्राम कुकरा फाल तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। अच्छी मानसूनी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी है, इसलिए किसानों के बीच पानी छोड़े जाने को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ किसानों को आशंका है कि अतिरिक्त पानी का पूरा उपयोग नहीं होने पर वह नदी-नालों में बह सकता है, जबकि विभागीय जानकारी के अनुसार यह कदम पलारी क्षेत्र से आई मांग को पूरा करने के लिए उठाया गया है।

बस्तर संभाग में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का आज दूसरा दिन है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 सितंबर तक चलेगा। पार्टी की ओर से दिल्ली से विषय विशेषज्ञों के साथ प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संबंधित विषयों के जानकारों को भी प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद बिलासपुर संभाग में 5 से 7 सितंबर, दुर्ग संभाग में 10 से 12 सितंबर, सरगुजा संभाग में 15 से 17 सितंबर और रायपुर संभाग में 20 से 22 सितंबर तक ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नवा रायपुर में आज क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स रोड शो का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सतीश चंद्र दुबे भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। रोड शो में खनिज क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर, खनिज ब्लॉक्स की नीलामी और निवेश के अवसरों पर चर्चा के साथ नीलाम किए गए खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।

इधर, छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर मुस्लिम समाज की ओर से एक सितंबर को रायपुर में बैठक आयोजित की जाएगी। गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कलेक्ट्रेट चौक में होने वाली इस बैठक में समाज के बुद्धिजीवियों से सुझाव लिए जाएंगे। बैठक के बाद प्राप्त सुझावों को UCC समिति को सौंपने की बात कही गई है। बैठक में शहर काजी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि और वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी अध्यक्षता करेंगे।