CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। रायपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश, भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश की संभावना जताई है। कई जिलों में तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है।

Aug 31, 2026 - 09:21
 0  2
CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार

UNITED NEWS OF ASIA. छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो गया है। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में भी रविवार के बाद सोमवार सुबह से बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रह सकती हैं। इस दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बलरामपुर जिले के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब है और सामान्य से करीब 3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश, तेज हवा तथा आकाशीय बिजली की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना के साथ यलो अलर्ट भी सक्रिय है।

बीते 24 घंटों में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर और रामानुजगंज में सर्वाधिक 12-12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजपुर में 10 सेंटीमीटर, कुसमी और चांदो में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर और अंबिकापुर में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई। बलरामपुर में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करतला, कोटाडोल, समरी, दरभा, गुंडरदेही, अर्जुन्दा, बालोद, गुरूर और धमतरी में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई।

गरियाबंद, राजिम, सरागांव, कोरबा, हरदीबाजार, रतनपुर, दौरा कोचली, कांकेर, मगरलोड, कुकरेल, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर, पाली, सरौना और बड़े राजपुर में भी 4-4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली की स्थिति में खुले स्थानों से बचने की सलाह दी गई है। अगले पांच दिनों तक मौसम के सक्रिय बने रहने से प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।