छत्तीसगढ़ के तीरंदाज तोमन कुमार ने वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में जीते तीन गोल्ड मेडल

बैंकॉक में आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 में छत्तीसगढ़ के तीरंदाज तोमन कुमार ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर देश और राज्य का नाम रोशन किया।

Apr 15, 2026 - 14:08
 0  3
छत्तीसगढ़ के तीरंदाज तोमन कुमार ने वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में जीते तीन गोल्ड मेडल

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर रापिपुर l छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली तीरंदाज तोमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का नाम रोशन किया है। बैंकॉक में 31 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में उन्होंने तीन स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के सचिव आयुष मुरारका ने जानकारी देते हुए बताया कि तोमन कुमार ने प्रतियोगिता में तीन अलग-अलग श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने मिक्स टीम इवेंट, टीम इवेंट और व्यक्तिगत (इंडिविजुअल) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि तोमन कुमार वर्तमान में सीआरपीएफ में कार्यरत हैं और अपने कर्तव्यों के साथ-साथ खेल में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके इस प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के खेल जगत को गौरवान्वित किया है।

आयुष मुरारका ने बताया कि आगे भी एक और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित होने वाली है। यदि तोमन कुमार उसमें शीर्ष चार स्थानों में अपनी जगह बनाने में सफल रहते हैं, तो भविष्य में उनका ओलंपिक में खेलना लगभग तय हो जाएगा। इससे छत्तीसगढ़ के खेल क्षेत्र को एक नई पहचान मिलेगी।

तोमन कुमार की इस सफलता पर छत्तीसगढ़ के खेल जगत में खुशी का माहौल है। विभिन्न खेल संगठनों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही राज्य के मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष द्वारा भी उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।

यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे यह संदेश मिलता है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

तोमन कुमार की यह सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ में खेलों के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी दर्शाती है। आने वाले समय में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।