कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग क्षेत्रीय कार्यालय में किया जनदर्शन, 50 पीएम आवास हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र

आरंग विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने क्षेत्रीय कार्यालय में जनदर्शन आयोजित किया। 71 प्राप्त आवेदनों में अधिकांश का त्वरित समाधान किया गया और प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणजन, महिलाएं और युवाओं सहित सभी वर्गों ने हिस्सा लिया।

Nov 18, 2025 - 11:50
 0  9
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग क्षेत्रीय कार्यालय में किया जनदर्शन, 50 पीएम आवास हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र

  UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, आरंग/रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरु खुशवंत साहेब जी ने सोमवार को आरंग के नेताजी चौक स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में जनदर्शन आयोजित किया। मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे मंत्री का आमजन और जनप्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सुबह से ही कार्यालय परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी और बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनदर्शन के दौरान आरंग और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। गुरु खुशवंत साहेब जी ने प्रत्येक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 50 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने मंत्री जी का आभार व्यक्त किया। कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश का समाधान कार्यक्रम स्थल पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आरंग विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण में कोई लापरवाही नहीं बर्दाश्त की जाएगी, और अधिकारी मैदानी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता से जुड़े रहें। जनदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे। सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुए इस जनदर्शन के माध्यम से क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।