बेमेतरा में पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों को मिली आर्थिक संबल, 1 करोड़ व 10-10 लाख के चेक प्रदान
बेमेतरा में एसबीआई पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों को 1 करोड़ व 10-10 लाख रुपये की बीमा सहायता राशि प्रदान की गई। एसएसपी रामकृष्ण साहू एवं एसबीआई अधिकारियों ने चेक सौंपकर संवेदना व्यक्त की।
UNITED NEWS OF ASIA.अरुण पुरेना, बेमेतरा | जिले में पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर पुलिस विभाग और बैंक प्रशासन ने मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। बुधवार 21 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बेमेतरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित एसबीआई पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत बीमा सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS), भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक बलौदाबाजार नरेन्द्र कुमार मित्तल एवं मुख्य प्रबंधक बेमेतरा गजेन्द्र उईके ने दिवंगत पुलिस कर्मियों के परिजनों को चेक प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य शोकसंतप्त परिवारों को यह संदेश देना था कि दुख की इस घड़ी में पुलिस विभाग और बैंक प्रबंधन उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दुष्यंत ठाकुर की पत्नी रंजना ठाकुर को 1 करोड़ रुपए की दुर्घटना बीमा राशि प्रदान की गई। वहीं स्वर्गीय प्रधान आरक्षक मुकेश राजपूत की पत्नी अर्चना राजपूत को 10 लाख रुपए की जीवन बीमा सहायता तथा स्वर्गीय आरक्षक यशपाल सिंह राजपूत के भाई दानेश्वर राजपूत को भी 10 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।
एसबीआई पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए एमओयू के तहत संचालित एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजना है। इस योजना के अंतर्गत जिन पुलिस कर्मियों का वेतन खाता एसबीआई में संचालित होता है, उन्हें आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में 1 करोड़ रुपए तक का बीमा कवर तथा सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर प्रदान किया जाता है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्यलिपिक हरिओम विश्वकर्मा, स्टेनो संतोष सोनवानी सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।
उल्लेखनीय है कि इसी प्रकार का एक एमओयू भारतीय स्टेट बैंक द्वारा राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों के लिए 1 जनवरी 2026 से लागू किया गया है। इसके अंतर्गत एसबीआई से वेतन प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को अधिकतम 1 करोड़ 60 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा तथा 10 लाख रुपए का जीवन बीमा लाभ मिलेगा। यह पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच के रूप में देखी जा रही है।