इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सांसद विजय बघेल तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पॉवर लिफ्टिंग उठाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विजय बघेल ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। विजय बघेल ने कहा कि खेल में हार मिलने पर निराश होने के बजाय उसे सीख के रूप में लेना चाहिए। उत्साह, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बेमेतरा जिले को पहली बार राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के लगभग 160 बालक और बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 31 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भारोत्तोलन में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह में सिंघोरी विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक स्थानीय रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह में मौजूद अतिथियों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया तथा आयोजन में स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमा जय दिवाकर, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन और स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, खेल मैदान, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। बेमेतरा में पहली बार आयोजित हो रही इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में उच्च स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।A