बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद

बालोद जिले के थाना पुरूर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। वाहन में सवार दो लोग रकम से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन की आशंका में रकम और वाहन को जप्त कर लिया है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई।

May 27, 2026 - 11:28
 0  0
बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रेटा कार से 65 लाख नकद बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l बालोद जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरूर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 65 लाख रुपये नकद बरामद कर वाहन सहित जप्त किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले को टैक्स चोरी और अवैध नगदी परिवहन से जोड़कर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य के निर्देश और पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के मार्गदर्शन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा तथा थाना प्रभारी पुरूर उप निरीक्षक जोगेंद्र साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

26 मई 2026 को थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-24-T-9998 में भारी मात्रा में नगद राशि ले जाई जा रही है। बताया गया कि वाहन कांकेर की ओर से पुरूर की दिशा में आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित मरकाटोला घाट क्षेत्र में एमसीपी लगाकर संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की गई।

कुछ समय बाद पुलिस ने संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर जांच की। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्होंने पूछताछ में अपना नाम अमित जैन निवासी बालोद और लच्छू ठाकुर निवासी ग्राम तरौद जिला बालोद बताया। पुलिस ने नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, बैंक कर्मचारियों और गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से नगदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नगद राशि और वाहन को जप्त कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। टैक्स चोरी, अवैध लेनदेन और अन्य आर्थिक अपराधों के पहलुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू, प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन, मनोज मेश्राम, किशोर साहू और संदीप यादव सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

बालोद पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध कारोबार, संदिग्ध गतिविधियों और टैक्स चोरी के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।