बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव 2025 के दौरान सरपंच मंजूलता साहू ने ग्राम के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग देने का वादा किया था। इसी वादे को निभाते हुए उन्होंने यह सहायता प्रदान की। इस दौरान गांव के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की।
सरपंच मंजूलता साहू के नेतृत्व में ग्राम पंचायत ओरमा बीते 14 महीनों में विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। पंचायत स्तर पर विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को सीधे लाभ मिल रहा है। सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में भी सुधार देखने को मिल रहा है।
कन्यादान कार्यक्रम के दौरान सरपंच मंजूलता साहू के साथ कमलेश्वरी साहू, वरिष्ठ पंच सुदामा साहू, डोमार कुंभकार, फगिनी निषाद, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष महादेव निषाद, लीलाधर साहू, बलराम साहू, खिलेश्वर माली, दीनू सोनकर, मनीष यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बेटियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सरपंच मंजूलता साहू ने कहा कि उन्होंने चुनाव के दौरान जो भी वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि 14 महीनों के कार्यकाल में 14 से अधिक घोषणाएं पूर्णता की ओर हैं और आने वाले समय में भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उनका लक्ष्य ओरमा ग्राम पंचायत को एक आदर्श पंचायत के रूप में विकसित करना है।
उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच की यह पहल न केवल उनके वादों को निभाने का प्रमाण है, बल्कि समाज में बेटियों के सम्मान और सहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है। पंचायत स्तर पर इस तरह की पहल से सामाजिक समरसता और विकास को नई दिशा मिलती है।