अमरवाड़ा में कांग्रेस को बड़ा झटका, 21 कार्यकर्ताओं ने विधायक राजा कमलेश शाह के नेतृत्व में थामा भाजपा का दामन
छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। विधायक राजा कमलेश शाह के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, सरपंचों, पंचों, जनपद सदस्य और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित 21 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला और भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव सहित वरिष्ठ नेताओं ने नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। भाजपा नेताओं ने इसे संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञ राज पटेल, छिंदवाड़ा l अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब विधायक राजा कमलेश शाह के नेतृत्व में कांग्रेस संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं सहित कुल 21 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान नवागत कार्यकर्ताओं का भाजपा परिवार में स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व जिला महामंत्री उत्तम ठाकुर, टीकाराम चंद्रवंशी, दीपक नेमा और शैलेंद्र पटेल की मौजूदगी में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
भाजपा में शामिल होने वालों में कांग्रेस से जुड़े कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें कांग्रेस क्षेत्रीय अध्यक्ष घोगरी जमना प्रसाद परतेती, कांग्रेस जनपद सदस्य साजवा मकर लाल इनवाती, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता छोटे लाल सलाम, बिज्जू उइके, रामकिशोर इनवाती, कृष्णा उइके और जयकुमार यादव सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
इसके साथ ही क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से जुड़े सरपंच और पंचों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें रामू उइके, रामदास सलाम, राम प्रसाद इनवाती, भूमन लाल धुर्वे, सीताराम धुर्वे, शिवप्रसाद परतेती, दुर्गेश उइके, मकल सिंह उडके, सुनील पंद्राम, अमल चंद उइके और रामकुमार सिरसाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हैं।
भाजपा जिला संगठन प्रभारी आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का भाजपा में शामिल होना संगठन की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है। उन्होंने नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा अमरवाड़ा में भाजपा और अधिक मजबूत होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि अमरवाड़ा विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों से कांग्रेस के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का भाजपा से जुड़ना भाजपा की विचारधारा और विकास की राजनीति के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत है। उन्होंने कहा कि नवागत कार्यकर्ताओं के अनुभव और जनसंपर्क का लाभ पार्टी संगठन को मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी।
विधायक राजा कमलेश शाह ने सभी नवागत कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता और मेहनत के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
राजा कमलेश शाह ने नवागत कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई है।