अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के टी-शर्ट का हुआ विमोचन, 31 जनवरी को होगा पांचवें संस्करण का आयोजन

नारायणपुर में अबूझमाड़ महोत्सव अंतर्गत आयोजित होने वाली अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण के लिए आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने किया। यह मैराथन 31 जनवरी 2026 को आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के धावक भाग लेंगे।

Jan 7, 2026 - 13:07
 0  7
अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के टी-शर्ट का हुआ विमोचन, 31 जनवरी को होगा पांचवें संस्करण का आयोजन

 UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायण पुर | जिला प्रशासन एवं नारायणपुर पुलिस के संयुक्त तत्वाधान में अबूझमाड़ महोत्सव अंतर्गत आयोजित होने वाली अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो चुकी हैं। इस प्रतिष्ठित आयोजन के तहत 31 जनवरी 2026 को जिला मुख्यालय नारायणपुर से 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि यह मैराथन पूर्व में 25 जनवरी 2026 को प्रस्तावित थी, जिसे प्रशासनिक कारणों से संशोधित करते हुए अब 31 जनवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा। अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन मध्य भारत की सबसे बड़ी और देश की सर्वाधिक पुरस्कार राशि प्रदान करने वाली मैराथनों में से एक मानी जाती है। इस मैराथन में जिले के स्थानीय धावकों के साथ-साथ देश और विदेश से भी प्रतिभागी भाग लेंगे।

इस अवसर पर अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप द्वारा किया गया। विमोचित टी-शर्ट को मैराथन की थीम के अनुरूप आकर्षक एवं प्रेरणादायक रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें शांति, एकता और खेल भावना का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता है।

अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का उद्देश्य केवल खेल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अबूझमाड़ क्षेत्र में शांति, भाईचारे और एकता का संदेश देश और दुनिया तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम भी है। यह आयोजन क्षेत्रीय युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।

मैराथन में कुल सात वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेताओं को कुल 15 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इतनी बड़ी पुरस्कार राशि के कारण यह मैराथन राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान रखती है।

जिला प्रशासन और नारायणपुर पुलिस द्वारा आयोजन को सफल बनाने के लिए सुरक्षा, मार्ग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रतिभागियों की सुविधा को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक धावकों से इसमें भाग लेकर शांति और खेल भावना का संदेश देने की अपील की है।

अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन का यह पांचवां संस्करण एक बार फिर नारायणपुर को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।