जल जीवन मिशन को लेकर आम आदमी पार्टी का सरकार पर हमला, 8 लाख ग्रामीण परिवारों तक पानी नहीं पहुंचने का आरोप

आम आदमी पार्टी ने जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने आरोप लगाया कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद लाखों ग्रामीण परिवार अब भी नल जल योजना के लाभ से वंचित हैं।

Jul 12, 2026 - 10:29
Jul 12, 2026 - 10:52
 0  3
जल जीवन मिशन को लेकर आम आदमी पार्टी का सरकार पर हमला, 8 लाख ग्रामीण परिवारों तक पानी नहीं पहुंचने का आरोप

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने आरोप लगाया कि पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद प्रदेश के लाखों ग्रामीण परिवारों तक अब भी नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल नहीं पहुंच पाया है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में उत्तम जायसवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल से जल उपलब्ध कराना है, लेकिन योजना का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक अभी भी नहीं पहुंच सका है। उन्होंने दावा किया कि विभाग के पास लगभग 4710 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध होने के बावजूद 8 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही, ठेकेदारों की धीमी कार्यप्रणाली और प्रभावी मॉनिटरिंग के अभाव के कारण कई परियोजनाएं अधूरी पड़ी हैं। उनके अनुसार कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछा दी गई है, लेकिन उन्हें जलस्रोतों से नहीं जोड़ा गया, जिससे लोगों को योजना का वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है।

आम आदमी पार्टी का कहना है कि पर्याप्त बजट होने के बावजूद प्रशासनिक समन्वय की कमी के कारण राशि का समय पर उपयोग नहीं हो सका। पार्टी ने आरोप लगाया कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अब भी पेयजल के लिए पारंपरिक जल स्रोतों अथवा टैंकरों पर निर्भर हैं, जबकि सरकारी रिकॉर्ड में योजनाओं की प्रगति बेहतर दिखाई जा रही है।

पार्टी ने सरकार से मांग की है कि जल जीवन मिशन के सभी लंबित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

उत्तम जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर ग्रामीण परिवारों तक पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया तो आम आदमी पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।