नकटी मुद्दे पर आम आदमी पार्टी का बड़ा अभियान, 8 जुलाई को 90 विधानसभाओं में विधायकों से मांगेगी लिखित सहमति
आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में 8 जुलाई को राज्य की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में अभियान चलाने की घोषणा की है। पार्टी प्रतिनिधिमंडल संबंधित विधायकों से लिखित सहमति लेने का प्रयास करेगा कि वे गरीबों की जमीन पर प्रस्तावित विधायक निवास स्वीकार नहीं करेंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l आम आदमी पार्टी (आप) छत्तीसगढ़ ने रायपुर जिले के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है। पार्टी ने इसे गरीबों, किसानों और आम नागरिकों के सम्मान पर सीधा हमला बताते हुए कहा है कि 8 जुलाई 2026 को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पार्टी के प्रतिनिधिमंडल संबंधित विधायकों से मुलाकात कर उनसे लिखित सहमति लेने का प्रयास करेंगे कि वे गरीबों की जमीन और उजड़े हुए आशियानों पर बनने वाले प्रस्तावित विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे।
पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को उनके अधिकारों की रक्षा के लिए चुनती है, न कि गरीबों के घर उजाड़कर उनके लिए सरकारी आवास बनाने के लिए। यदि किसी गरीब परिवार की छत छीनकर जनप्रतिनिधियों के लिए भवन तैयार किया जाता है तो यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदनाओं के खिलाफ कदम होगा।
आम आदमी पार्टी ने सभी विधायकों से अपील की है कि वे राजनीतिक दलों से ऊपर उठकर मानवता का परिचय दें और सार्वजनिक रूप से यह घोषणा करें कि वे ऐसे किसी विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे, जिसका निर्माण किसी गरीब परिवार के उजड़े हुए आशियाने की कीमत पर किया गया हो।
पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि न्याय, संवेदना और संविधान के मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विधायक को ज्ञापन और सहमति-पत्र सौंपेगा तथा उनसे स्पष्ट लिखित जवाब मांगेगा।
आम आदमी पार्टी ने अपने प्रदेश पदाधिकारियों, जोन प्रभारियों, लोकसभा अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और सभी कार्यकर्ताओं से अभियान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। पार्टी ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम के फोटो, वीडियो और संक्षिप्त प्रतिवेदन उसी दिन प्रदेश कार्यालय को भेजे जाएं, ताकि प्रदेशभर में अभियान की जानकारी जनता तक पहुंचाई जा सके।
पार्टी का कहना है कि यह केवल नकटी गांव का मामला नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के हर उस गरीब परिवार का मुद्दा है, जिसे भविष्य में किसी विकास परियोजना या अन्य योजना के नाम पर विस्थापन का सामना करना पड़ सकता है। यदि आज इस विषय पर आवाज नहीं उठाई गई तो भविष्य में अन्य गांवों और बस्तियों के लोग भी ऐसी परिस्थितियों का सामना कर सकते हैं।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास, न्याय और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए उसका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाया जाएगा और जनआंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।