अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भोजन प्रसादी वितरित कर साथ बैठकर किया ग्रहण
सावन माह के अंतिम सोमवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे और मां नर्मदा के दर्शन कर नर्मदा कुंड में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की और उनके साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण की। भोरमदेव से अमरकंटक तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और ठहरने की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. सावन माह के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के दर्शन किए और नर्मदा उद्गम स्थल स्थित नर्मदा कुंड में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनकी यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों को भोजन प्रसादी वितरित की। इसके बाद उन्होंने कांवड़ियों के साथ बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की और उनसे बातचीत की। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भोरमदेव से अमरकंटक तक करीब 150 किलोमीटर की कांवड़ यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य, सुरक्षा, भोजन और रात्रि विश्राम सहित आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
कांवड़ियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस पेट्रोलिंग दल भी तैनात किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
अमरकंटक स्थित मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ियों के लिए निःशुल्क भोजन और रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। आश्रम में श्रद्धालुओं को दाल-भात, सब्जी के साथ खीर, पूरी और हलवा सहित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लंबी दूरी की कांवड़ यात्रा पर पहुंचे श्रद्धालुओं को विश्राम और भोजन की सुविधा मिल रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सावन माह के इस पवित्र अवसर पर भोरमदेव से अमरकंटक तक श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी कांवड़ यात्रा पूरी कर सकें। अमरकंटक में कांवड़ियों के बीच पहुंचकर उनके साथ भोजन प्रसादी ग्रहण करने के दौरान उप मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के प्रति आत्मीयता भी व्यक्त की।