कन्हारगांव सेवा डेरा पहुंचे विजय शर्मा, जनचौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद, 10 गांवों के लिए विकास कार्यों की घोषणा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर जिले के कन्हारगांव सेवा डेरा में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और आसपास के 10 गांवों के लिए 10-10 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही सेवा डेरों को शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के केंद्र के रूप में विकसित करने की बात कही।
UNITED NEWS OF ASIA. नारायणपुर l बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल स्थित कन्हारगांव सेवा डेरा पहुंचकर ग्रामीणों के साथ जनचौपाल आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जमीन पर बैठकर स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, स्व-सहायता समूहों की महिलाओं तथा अन्य नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
जनचौपाल में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि विकास की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें और वनांचल के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उनके गांवों में ही उपलब्ध हों
उन्होंने कहा कि बस्तर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ अब सुरक्षा शिविर केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें जनसेवा के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिन स्थानों पर पहले सुरक्षा कैम्प संचालित होते थे, उन्हें अब "वीर शहीद गुंडाधुर सेवा डेरा" के रूप में विकसित किया जा रहा है। कन्हारगांव स्थित आईटीबीपी कैम्प भी इसी दिशा में सेवा डेरा के रूप में परिवर्तित किया गया है।
विजय शर्मा ने बताया कि इन सेवा डेरों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और विश्वास दोनों को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में आसपास के 10 गांवों के सरपंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। उप मुख्यमंत्री ने सभी गांवों के समग्र विकास के लिए प्रत्येक गांव को 10-10 लाख रुपये की राशि से विकास कार्य कराने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से आय बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर के प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए और महिला समूह इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अफवाहों और भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बस्तर का विकास स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है, जिससे वनांचल के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।
जनचौपाल के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, ओरछा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मंगलूराम नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से शासन ने ग्रामीणों को विकास और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।