बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक शाखा में लगी आग, चेम्बर की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी की त्वरित पहल और अग्निशमन विभाग की समय पर कार्रवाई से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

Jun 7, 2026 - 13:32
 0  3
बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक शाखा में लगी आग, चेम्बर की तत्परता से टला बड़ा हादसा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बॉम्बे मार्केट स्थित चौधरी देवीलाल उद्योग व्यापार भवन में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भवन के प्रथम तल पर संचालित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। समय रहते की गई कार्रवाई और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना सुबह लगभग 9 बजे की है। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बिना विलंब किए अग्निशमन विभाग और कार्यालय के आसपास रहने वाले चेम्बर पदाधिकारियों को सूचित किया। उनकी त्वरित पहल के चलते राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाने के लिए तत्काल कार्रवाई की। समय रहते उठाए गए कदमों के कारण आग आसपास के अन्य कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक नहीं फैल सकी। इससे भवन में मौजूद लोगों और आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सका।

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे सतीश थौरानी ने भवन की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बॉम्बे मार्केट शहर के सबसे पुराने और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) द्वारा निर्मित इस भवन को लगभग 30 से 35 वर्ष हो चुके हैं और समय के साथ इसकी संरचना जर्जर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत और रखरखाव नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।

थौरानी ने बताया कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से भवन की स्थिति को लेकर संबंधित विभागों को पूर्व में भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस घटना के बाद संबंधित एजेंसियां भवन के जीर्णोद्धार और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगी।

व्यापारियों ने भी भवन में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि पुराने व्यावसायिक परिसरों में नियमित विद्युत निरीक्षण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और संरचनात्मक सुरक्षा की जांच आवश्यक है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

घटना के दौरान चेम्बर के कई पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। इनमें राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी, लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, अमरदास खट्टर, मनीष प्रजापति और जतिन नचरानी प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने राहत कार्यों में सहयोग करते हुए सुरक्षा उपायों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।