धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

जांजगीर में धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शारदा चौक और तलवापारा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से दो बटनदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग कार्रवाई की गई और दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Aug 26, 2026 - 10:19
 0  2
धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस ने भेजा जेल

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर चांपा l जिले में असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जांजगीर कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो नग धारदार बटनदार चाकू बरामद किए हैं। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई करते हुए उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरीश चौहान पिता रमाशंकर चौहान, उम्र 21 वर्ष, निवासी तलवापारा जांजगीर और पृथ्वीराज सूर्यवंशी पिता दूजराम सूर्यवंशी, उम्र 23 वर्ष, वार्ड नंबर 10, तलवापारा जांजगीर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर जिले में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण और ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया था। इसी निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क और CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम को थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के लिए रवाना किया गया था।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि अलग-अलग स्थानों पर दो युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को डरा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शारदा चौक और तलवापारा क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो नग धारदार बटनदार चाकू बरामद किए गए।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने, लोगों को भयभीत करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक एवं थाना प्रभारी कोतवाली जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, प्रकाश चंद्र राठौर, आलोक शर्मा, आरक्षक विनोद राठौर और दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।