घर-घर आन-बान और शान से फहराएं तिरंगा- मंत्री टंक राम वर्मा

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में सारंगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई यात्रा में हजारों स्कूली बच्चों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता की जय और जय जवान, जय किसान के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। समापन अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय एकता व स्वाभिमान को मजबूत करने की अपील की।

Aug 12, 2026 - 11:54
 0  2
घर-घर आन-बान और शान से फहराएं तिरंगा- मंत्री टंक राम वर्मा

UNITED NEWS OF ASIA. देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छता के प्रति जनचेतना को मजबूत करने के उद्देश्य से सारंगढ़ में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई यात्रा भारत माता चौक, नंदा चौक और अटल परिसर से होते हुए रानी लक्ष्मी बाई कॉम्प्लेक्स पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा के दौरान हजारों स्कूली बच्चों ने भारत माता की जय और जय जवान, जय किसान के नारों के साथ वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए विद्यार्थियों और नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना देखने को मिली। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति का उत्साह नजर आया और शहर में राष्ट्रीय ध्वज की शान दिखाई दी।

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर सम्मान और गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। तिरंगा भारत का राष्ट्रीय स्वाभिमान है और इसकी रक्षा के लिए लाखों देशभक्तों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने कहा कि तिरंगे में अंकित अशोक चक्र देश और प्रदेश की निरंतर प्रगति का प्रतीक है।

टंक राम वर्मा ने कहा कि तिरंगा हमें जाति, पंथ और धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता के लिए एकजुट होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों झांसी की रानी, मंगल पांडे और भगत सिंह को नमन करते हुए उनके आदर्शों और देशभक्ति की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक केरबाई मनहर, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।