सुकमा में 48 लाख के 15 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
सुकमा में कुल 48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों ने एसपी किरण चव्हाण के सामने आत्मसमर्पण किया। इनमें चार नक्सली 8-8 लाख के, दो नक्सली 5-5 लाख के इनामी हैं। आत्मसमर्पितों में पाँच महिला नक्सली भी शामिल हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. पी. सतीश कुमार, बीजापुर | सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को बड़ी सफलता मिली है। कुल 48 लाख के इनामी 15 नक्सलियों ने शनिवार को सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों में चार नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि दो नक्सलियों पर 5-5 लाख का इनाम था।
आत्मसमर्पण करने वालों में पाँच महिला नक्सली भी शामिल हैं, जो बीते कई वर्षों से जंगलों में सक्रिय थीं। पुलिस ने बताया कि लगातार दबाव, विकास कार्यों का विस्तार और पुनर्वास नीति के प्रभाव से नक्सली संगठन से मोहभंग हुआ, जिसके चलते उन्होंने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।
सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने इसे सुरक्षा बलों के लगातार प्रयासों और स्थानीय प्रशासन की प्रभावी पहल का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आत्मसमर्पित नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी सुविधाएँ और योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा, जिससे वे मुख्यधारा में सम्मानजनक जीवन जी सकें।