महादेव सट्टा ऐप पर कांग्रेस का हमला: डबल इंजन सरकार पर संरक्षण के आरोप

छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा ऐप को लेकर सियासत फिर गरमा गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर इसके विज्ञापन खुलेआम चल रहे हैं और सरकार इसे रोकने में नाकाम है।

Apr 8, 2026 - 12:23
 0  1
महादेव सट्टा ऐप पर कांग्रेस का हमला: डबल इंजन सरकार पर संरक्षण के आरोप

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह,रायपुर।छत्तीसगढ़ में एक बार फिर महादेव सट्टा ऐप को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि “डबल इंजन सरकार” के दौरान यह अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क खुलेआम संचालित हो रहा है।

प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रायपुर में जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि आज भी फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महादेव सट्टा ऐप के विज्ञापन खुले तौर पर देखे जा सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार को इसकी जानकारी नहीं है, या फिर जानबूझकर इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।

शुक्ला ने तंज कसते हुए कहा कि जो सरकार अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले आम लोगों के अकाउंट तक बंद करवा देती है, वही सरकार इस तरह के अवैध सट्टा ऐप के प्रचार-प्रसार को नहीं रोक पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति इस बात का संकेत है कि इस पूरे नेटवर्क को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं ने महादेव सट्टा ऐप को लेकर कांग्रेस पर कई आरोप लगाए थे और इसे आर्थिक बर्बादी का कारण बताया था। यहां तक कि नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी मंचों से कांग्रेस सरकार को घेरते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। लेकिन अब वही ऐप खुलेआम चल रहा है और उसके विज्ञापन भी प्रसारित हो रहे हैं, जिससे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ नजर आता है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि इस ऐप का संचालन केंद्र सरकार के संरक्षण में हो रहा है। शुक्ला ने कहा कि राज्य और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद अब तक इस ऐप को बंद करने के लिए ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि महादेव सट्टा ऐप से जुड़े कथित प्रमुख लोगों—रवि उप्पल, सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी—को अब तक गिरफ्तार कर भारत क्यों नहीं लाया गया।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि शुभम सोनी का एक वीडियो भाजपा ने अपने आधिकारिक हैंडल से जारी किया था। ऐसे में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि यह वीडियो पार्टी को कहां से प्राप्त हुआ। शुक्ला ने दावा किया कि इस पूरे मामले में जांच एजेंसियों और कुछ राजनीतिक तत्वों की भूमिका संदिग्ध रही है।

अंत में कांग्रेस ने मांग की कि महादेव सट्टा ऐप पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए, इसके संचालन में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए। पार्टी का कहना है कि यदि सरकार इस मामले में गंभीर नहीं होती, तो यह देशभर में ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा देगा, जो युवाओं और समाज के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।