शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, महिला के पैसे और गहने हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, उसके पैसे और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झारखंड निवासी आरोपी को ट्रेलर चलाते समय दबोचकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Jul 16, 2026 - 14:13
 0  12
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, महिला के पैसे और गहने हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे "अभियान संवेदना" के तहत शादी का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, धोखे से रुपये और गहने हड़पने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को महिला थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले में ट्रेलर चलाते समय गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 35 वर्षीय पीड़िता ने 14 जुलाई 2026 को महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वह शहर की एक दुकान में सेल्स गर्ल के रूप में कार्य करती है। वर्ष 2025 के जनवरी माह में उसकी पहचान आरोपी से हुई, जो दुकान पर अक्सर सामान खरीदने आता था। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी ने विवाह का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए।

शिकायत के अनुसार, पीड़िता द्वारा अपने विवाहित होने और पति से अलग रहने की जानकारी देने के बावजूद आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाया। इसी विश्वास के आधार पर आरोपी ने फरवरी 2025 में कथित रूप से महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में भी लगातार संबंध बनाता रहा।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके गहने मणप्पुरम फाइनेंस में गिरवी रखवाकर प्राप्त 10 हजार रुपये अपने पास रख लिए। बाद में महिला को जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके बच्चे भी हैं। जब उसने विवाह करने की बात कही तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और कथित रूप से जान से मारने तथा गुंडे भेजकर उठवा लेने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने अपना किराए का मकान बदल लिया और अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी फरार होकर ट्रेलर वाहन चला रहा है। सूचना के आधार पर महिला थाना एवं खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम बिर्रा में कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रेलर चलाते समय गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

रायगढ़ पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि यदि उनके साथ किसी प्रकार का शोषण, धोखाधड़ी या उत्पीड़न होता है तो वे बिना डर के पुलिस से संपर्क करें। ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।