नवा रायपुर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी बनाने पर जोर, सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के 348 भवनों का निर्माण होगा, जबकि मांग को देखते हुए 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे। मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण, समयबद्ध परियोजना, मजबूत RWA और मांग आधारित आवासीय योजनाओं पर जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नवा रायपुर अटल नगर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने सेक्टर-12 फेस-2 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। इस परियोजना के तहत HIG और MIG श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा। आवासों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट भी बनाए जाएंगे।
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की नई परियोजनाएं अब मांग आधारित होंगी। बिना मांग के आवासीय परियोजनाएं शुरू नहीं की जाएंगी। उन्होंने बताया कि किसी परियोजना में 60 प्रतिशत बुकिंग अथवा पहले तीन माह में 30 प्रतिशत बुकिंग होने के बाद ही टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ाने की नीति अपनाई जा रही है। इससे आवासीय योजनाओं को व्यावहारिक बनाने और लंबे समय तक खाली रहने वाले भवनों की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड को केवल भवन निर्माण करने वाली संस्था तक सीमित न रहकर एक प्रोफेशनल संगठन के रूप में अपनी पहचान मजबूत करनी चाहिए। बेहतर टाइल्स, फिटिंग्स, आधुनिक रंगों और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर परियोजना लागत में वृद्धि को बेहतर सुविधाओं के लिए उचित माना जाना चाहिए।
मंत्री ने कॉलोनियों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को मजबूत करने और समय पर कॉलोनियों का हैंडओवर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने नए हितग्राहियों से निर्माण की गुणवत्ता की निगरानी में सहयोग करने और किसी भी कमी की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की।
नवा रायपुर के विकास का उल्लेख करते हुए ओपी चौधरी ने कहा कि शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हो रहा है। नवा रायपुर का बड़ा हिस्सा रिक्रिएशनल क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है और हरियाली को भी विशेष महत्व दिया गया है। विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं, तकनीकी परियोजनाओं और औद्योगिक निवेश से शहर को नई पहचान मिल रही है।
हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि सेक्टर-12 फेस-2 में 29.20 एकड़ भूमि पर 348 भवनों का निर्माण होगा। इसके अलावा 704 नए फ्लैट प्रस्तावित हैं, जिनमें HIG, MIG और LIG श्रेणियां शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि मांग आधारित आवासीय परियोजनाओं और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से मंडल को नई ऊंचाई देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मंडल के सचिव अंकित आनंद और आयुक्त अवनीश शरण ने परियोजना की समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर जानकारी दी। इस अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा भी रोपा गया। मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने में पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी है।