महापौर मीनल चौबे ने जोन कमिश्नरों को दिए सख्त निर्देश, अवैध निर्माण और बिना पार्किंग प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई

रायपुर नगर निगम मुख्यालय में महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के विकास कार्यों, पेयजल, जलनिकासी, अवैध निर्माण, पार्किंग, कॉलोनी विकास, राजस्व वसूली और वेंडिंग जोन सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों और अभियंताओं को जनहित के कार्यों में तेजी लाने, प्रत्येक वार्ड में 10 लाख रुपये तक के नए विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Aug 12, 2026 - 12:39
 0  2
महापौर मीनल चौबे ने जोन कमिश्नरों को दिए सख्त निर्देश, अवैध निर्माण और बिना पार्किंग प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन स्थित महापौर कार्यालयीन कक्ष में महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, अवैध निर्माण, पार्किंग, कॉलोनी विकास, राजस्व वसूली और वेंडिंग जोन सहित जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। महापौर ने सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में महापौर मीनल चौबे ने प्रत्येक वार्ड में 10 लाख रुपये तक के नए विकास कार्य करवाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित वार्ड पार्षदों से चर्चा कर स्थानीय आवश्यकता और जनहित के अनुरूप आवश्यक विकास कार्यों को प्रस्ताव में प्राथमिकता दी जाए, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

महापौर ने राजधानी में निर्माणाधीन अवैध निर्माणों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिए। उन्होंने बिना पार्किंग के संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों और संस्थानों के विरुद्ध भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। मुख्य मार्गों और प्रमुख क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

कॉलोनी विकास अनुमति से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए महापौर ने कॉलोनी पूर्णता प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित होने के बाद ही संबंधित प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए। साथ ही कॉलोनी विकास अनुमति से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज और प्रतिलिपियां उपलब्ध कराने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जोन अधिकारियों को दिए। बंधक प्लॉट में परिवर्तन की अनुमति नहीं देने के संबंध में भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।

बैठक में सोनडोंगरी क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था की समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिल सके।

जोन 8 क्षेत्र में संपत्तिकर और अन्य राजस्व वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। महापौर ने राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा मुख्य मार्गों एवं प्रमुख क्षेत्रों में राजस्व वसूली अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश जोन अधिकारियों को दिए।

महापौर ने शहर में सुव्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वेंडिंग जोन चिन्हित कर उन्हें शीघ्र व्यवस्थित करने पर जोर दिया। उन्होंने वेंडिंग जोन के बाहर होने वाले अतिक्रमण के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। बैठक में महापौर ने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।