भाठागांव में 299 चबूतरों और क्रिस्टल आर्केड के सामने 69 गुमटियों का लॉटरी से पारदर्शी आबंटन
रायपुर नगर निगम के बाजार विभाग ने महापौर मीनल चौबे की पहल पर क्रिस्टल आर्केड के सामने हॉट बाजार के समीप 69 दुकानदारों को लॉटरी पद्धति से गुमटियों का आबंटन किया। इसके साथ ही भाठागांव बाजार क्षेत्र में 299 चबूतरों का भी पारदर्शी तरीके से लॉटरी द्वारा आबंटन किया गया। महापौर ने कहा कि इससे सड़क पर बाजार लगने की समस्या खत्म होगी, नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलेगी और व्यवस्थित बाजार की सुविधा उपलब्ध होगी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगर पालिक निगम रायपुर के बाजार विभाग द्वारा महापौर मीनल चौबे की पहल पर भाठागांव बाजार क्षेत्र में व्यापारियों को व्यवस्थित बाजार सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में क्रिस्टल आर्केड के सामने हॉट बाजार के समीप 69 दुकानदारों को लॉटरी पद्धति से गुमटियों का पारदर्शी तरीके से आबंटन किया गया। आबंटन के दौरान गुमटियों के नाम और नंबरिंग की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे के साथ नगर निगम राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार बागल, जोन 3 अध्यक्ष साधना साहू, उपायुक्त बाजार अंजलि शर्मा, पार्षद रवि सोनकर सहित वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध दुबे और कई वर्षों पूर्व खालसा स्कूल के पास प्रभावित हुए व्यापारी उपस्थित रहे।
69 दुकानदारों को लॉटरी पद्धति से गुमटियों का आबंटन होने पर महापौर मीनल चौबे ने सभी व्यापारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रभावित व्यापारी अपनी गुमटियां पुनः प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे थे। व्यापारियों की इस मांग और प्रयास को आगे बढ़ाने में वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध दुबे के निरंतर प्रयासों को भी उन्होंने सराहनीय बताया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा आबंटन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी पद्धति से की गई है, जिससे पात्र व्यापारियों को उनकी गुमटियों का व्यवस्थित तरीके से आबंटन सुनिश्चित हो सके। इससे व्यापारियों को अपना व्यवसाय संचालित करने के लिए स्थायी और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।
इसी क्रम में भाठागांव बाजार क्षेत्र में 299 चबूतरों का भी लॉटरी पद्धति से आबंटन किया गया। महापौर मीनल चौबे ने इस व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए व्यापारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाठागांव में सड़क पर बाजार लगने की समस्या समाप्त होने से नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलेगी।
महापौर ने कहा कि बाजार को सड़क से व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने से व्यापारी भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकेंगे और आम नागरिकों को भी बेहतर वातावरण में खरीदारी की सुविधा मिलेगी। व्यवस्थित बाजार बनने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ बाजार क्षेत्र को अधिक सुविधाजनक और सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
नगर निगम बाजार विभाग द्वारा की गई इस पहल से लंबे समय से प्रभावित व्यापारियों को अपना व्यवसाय फिर से व्यवस्थित रूप से संचालित करने का अवसर मिलेगा। वहीं भाठागांव क्षेत्र में सड़क पर लगने वाले बाजार के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी परेशानियों को कम करने में भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण साबित होगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य व्यापारियों और नागरिकों दोनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए शहर के बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित स्वरूप देना है।