विधायक दीपेश साहू ने जय श्री राम समिति द्वारा बीटीआई ग्राउंड में स्थापित गणेश प्रतिमा के साथ ही गस्ती चौक, एकता गणेश उत्सव समिति, पंजाबी पारा, भारत माता चौक, बस स्टैंड और परशुराम चौक स्थित गणेश पंडालों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकारी देवता हैं। गणेशोत्सव आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की कि प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।
विधायक ने बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र की निरंतर प्रगति और नागरिकों के सुखमय जीवन की भी कामना की। उन्होंने गणेशोत्सव के माध्यम से सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने वाले आयोजनों की सराहना की।
पूजा-अर्चना के बाद विधायक दीपेश साहू ने गस्ती चौक स्थित मीना बाजार का भी भ्रमण किया। उन्होंने मेले की रौनक का आनंद लिया और वहां मौजूद नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें गणेशोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष युगल देवांगन, महामंत्री संदीप यादव, राजू देवांगन, प्रवीण, नीलू राजपूत, योगेश वर्मा, भानु राम साहू, सोसायटी अध्यक्ष, समिति अध्यक्ष दोहई लाल वर्मा, गोलू कोसले और शेखर वर्मा सहित गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।