LPG सिलेंडर की कीमतें स्थिर, घरेलू गैस बुकिंग से पहले जानें अपने शहर का नया रेट

27 जून 2026 को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रमुख शहरों में घरेलू गैस सिलेंडर के रेट स्थिर हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद घरेलू LPG सस्ता होने में अभी 3 से 6 महीने का समय लग सकता है।

Jun 27, 2026 - 17:11
 0  2
LPG सिलेंडर की कीमतें स्थिर, घरेलू गैस बुकिंग से पहले जानें अपने शहर का नया रेट

UNITED NEWS OF ASIA. नई दिल्ली l घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग करने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है कि 27 जून 2026 को 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और पश्चिम एशिया में हालात सामान्य होने के बावजूद फिलहाल भारतीय बाजार में गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं।

इससे पहले 7 जून 2026 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़ाई गई थी। इसके बाद से अब तक तेल कंपनियों ने कोई नई मूल्य घोषणा नहीं की है।

देश के प्रमुख शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हल्का अंतर देखने को मिल रहा है। नई दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर 942 रुपये में उपलब्ध है। मुंबई में इसकी कीमत 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है।

अन्य शहरों की बात करें तो नोएडा में घरेलू सिलेंडर 939.50 रुपये में मिल रहा है, जो प्रमुख शहरों में सबसे कम कीमतों में शामिल है। गुरुग्राम में इसकी कीमत 950.50 रुपये, चंडीगढ़ में 951.50 रुपये और जयपुर में 945.50 रुपये है। बेंगलुरु में उपभोक्ताओं को सिलेंडर 944.50 रुपये, भुवनेश्वर में 968 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये तथा तिरुवनंतपुरम में 951 रुपये में उपलब्ध है। सबसे अधिक कीमत पटना में दर्ज की गई है, जहां घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1,031.50 रुपये में मिल रहा है।

इस बीच केंद्र सरकार ने कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पर पिछले दो महीनों से लागू सभी प्रतिबंध हटा दिए हैं। इसके साथ ही बल्क एलपीजी की आपूर्ति पर लगी रोक भी समाप्त कर दी गई है। सरकार का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने, होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य आवागमन बहाल होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी से एलपीजी की आपूर्ति पहले की तरह सामान्य हो रही है। इससे होटल, रेस्तरां, उद्योग और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई कमी का असर भारतीय बाजार तक पहुंचने में लगभग तीन से छह महीने लग सकते हैं। वर्तमान में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की वास्तविक लागत करीब 1,600 रुपये आंकी जा रही है, जबकि उपभोक्ताओं को यह दिल्ली में 942 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। लागत और बिक्री मूल्य के बीच का अंतर फिलहाल तेल विपणन कंपनियां वहन कर रही हैं। इसी कारण चालू वित्त वर्ष में सरकारी तेल कंपनियों को लगभग 60 हजार करोड़ रुपये तक का घाटा होने का अनुमान है। ऐसे में जब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें लंबे समय तक कम नहीं रहतीं, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी राहत मिलने की संभावना सीमित मानी जा रही है।