लता उसेंडी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

कोण्डागांव जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत विधायक लता उसेंडी ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को गणवेश वितरित किया और पांच वर्ष तक के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Jun 28, 2026 - 14:53
 0  2
लता उसेंडी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव l राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को कोण्डागांव जिले में व्यापक स्तर पर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने विकासखंड कोण्डागांव के ग्राम पंचायत फरसगांव (डोंगरीगुड़ा) स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिपावंड में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को गणवेश भी वितरित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लता उसेंडी ने कहा कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है, जिससे बच्चों को जीवनभर के लिए दिव्यांगता का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को समय पर पोलियोरोधी दवा की खुराक अवश्य दिलाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बचपन ही विकसित समाज और सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव है

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाए ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रह जाए। उन्होंने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत विकासखंड कोण्डागांव में शून्य से पांच वर्ष तक के 30 हजार 966 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभिन्न टीकाकरण बूथों के साथ विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक उपलब्ध करा रही हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर, सरपंच सूरज नेताम, दीपेश अरोरा, चंदन साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आशुतोष मिश्रा, सुनीता सरकार, नीरज सोरी, हरीश जायसवाल, देवकी देवांगन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, जनप्रतिनिधि, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से जिले में शत-प्रतिशत पोलियो टीकाकरण सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।