अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गजेन्द्र यादव ने किया सामूहिक योगाभ्यास, नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बालोद के इंडोर स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए लोगों से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बालोद के इंडोर स्टेडियम में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के लिए योग को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग शिविर में जनप्रतिनिधियों, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों, गणमान्य नागरिकों तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
योग दिवस के अवसर पर गजेन्द्र यादव ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 21 जून का दिन भारतीय संस्कृति और परंपरा के लिए गौरव का विषय है। भारत की प्राचीन योग परंपरा को आज पूरा विश्व स्वीकार कर चुका है। यह देश के लिए गर्व की बात है कि योग जैसी अमूल्य विरासत को वैश्विक पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है। योग तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
गजेन्द्र यादव ने कहा कि जीवन में योग का विशेष महत्व है। यह ऐसा सशक्त माध्यम है जिसके जरिए शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल योग दिवस पर ही नहीं, बल्कि प्रतिदिन अपने घर, परिवार और मोहल्ले में योगाभ्यास करें। नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन प्रसन्न रहता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली है। प्रधानमंत्री द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे विश्व के अनेक देशों का समर्थन मिला। आज इसी पहल का परिणाम है कि दुनिया भर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम की विधियां बताईं तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। उपस्थित लोगों ने नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।
योग, स्वास्थ्य और जागरूकता के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणा दी।