धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता, 2.60 करोड़ रुपये का गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
धमतरी पुलिस ने पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। करीब 2.60 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ के साथ चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के सुराग भी मिले हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जब्ती को अंजाम दिया है। थाना अर्जुनी पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लगभग 2 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा पिकअप वाहन और एक मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में अवैध गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने रणनीतिक तरीके से घेराबंदी करते हुए श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान महिंद्रा पिकअप में रखी गई 13 प्लास्टिक बोरियों और स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों से कुल 96 पैकेट बरामद किए गए। इन पैकेटों में 490.818 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 2,45,40,900 रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया कि स्विफ्ट कार का उपयोग पायलटिंग वाहन के रूप में किया जा रहा था, ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी मुख्य वाहन तक पहुंचाई जा सके। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया, जिसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों की सामाजिक और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर सहित अन्य शहरों में इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ा प्रहार है और इससे अवैध कारोबार करने वाले गिरोहों को कड़ा संदेश जाएगा। पुलिस अब इस मामले में वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।