सेवा सेतु पोर्टल बना बुजुर्ग परिवार का सहारा, समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से नाती का इलाज हुआ संभव

बेमेतरा जिले के साजा तहसील अंतर्गत ग्राम चिल्की निवासी देवप्रसाद साहू को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से उनके नाती के इलाज में कोई बाधा नहीं आई। डिजिटल सुशासन की इस पहल से परिवार को समय पर राहत और आर्थिक सहायता का लाभ मिल सका।

Jul 2, 2026 - 17:50
 0  5
सेवा सेतु पोर्टल बना बुजुर्ग परिवार का सहारा, समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से नाती का इलाज हुआ संभव

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l डिजिटल सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की सेवा सेतु पोर्टल पहल आम नागरिकों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। बेमेतरा जिले के साजा तहसील अंतर्गत ग्राम चिल्की निवासी देवप्रसाद साहू के परिवार को समय पर आय प्रमाण पत्र मिलने से उनके नाती का इलाज बिना किसी बाधा के जारी रह सका। यह मामला दर्शाता है कि तकनीक और संवेदनशील प्रशासन मिलकर जरूरतमंद लोगों के जीवन को आसान बना सकते हैं।

जानकारी के अनुसार देवप्रसाद साहू का नाती गंभीर रूप से बीमार था और उसका उपचार एक प्रमुख अस्पताल में चल रहा था। उपचार व्यय में शासन द्वारा निर्धारित छूट का लाभ लेने के लिए तत्काल आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। यदि समय पर यह दस्तावेज उपलब्ध नहीं होता, तो इलाज प्रभावित होने की आशंका थी और परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता था।

ऐसे समय में देवप्रसाद साहू ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से बिना किसी बिचौलिए की सहायता लिए ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन प्राप्त होने के बाद तहसील साजा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मामले की गंभीरता और तात्कालिक आवश्यकता को समझते हुए आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी की। निर्धारित समय से पहले ही आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।

समय पर प्रमाण पत्र मिलने से अस्पताल की सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं और बच्चे का इलाज बिना किसी रुकावट के जारी रह सका। इससे परिवार को आर्थिक राहत मिलने के साथ मानसिक तनाव भी काफी कम हुआ। देवप्रसाद साहू ने बताया कि यदि प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलता, तो इलाज में देरी हो सकती थी और परिवार को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता।

देवप्रसाद साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए कई बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। लेकिन अब सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया आसान हो गई है और समयबद्ध तरीके से सेवाएं मिलने लगी हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का शासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

राज्य सरकार डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अनेक नागरिक सेवाओं का ऑनलाइन आवेदन और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कर रही है। इस व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है, अनावश्यक विलंब कम हुआ है और लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शासकीय सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।

बेमेतरा जिला प्रशासन भी सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निराकरण सुनिश्चित कर रहा है। विशेष परिस्थितियों वाले मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है, जिससे जरूरतमंद नागरिकों को समय पर राहत मिल सके। देवप्रसाद साहू की यह कहानी डिजिटल तकनीक और संवेदनशील प्रशासन के समन्वय से आम लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है।