एग्रीस्टैक पंजीयन में प्रदेश में अव्वल बना बेमेतरा, पीएम किसान के 93 प्रतिशत हितग्राहियों का पंजीयन पूरा

एग्रीस्टैक परियोजना के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों के पंजीयन में बेमेतरा जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले के 93 प्रतिशत पीएम किसान लाभार्थियों का पंजीयन पूरा हो चुका है, जबकि शेष किसानों से जल्द पंजीयन कराने की अपील की गई है।

Jul 2, 2026 - 17:53
 0  4
एग्रीस्टैक पंजीयन में प्रदेश में अव्वल बना बेमेतरा, पीएम किसान के 93 प्रतिशत हितग्राहियों का पंजीयन पूरा

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में बेमेतरा जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों के पंजीयन में बेमेतरा पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह सफलता जिला प्रशासन, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, सहकारी समितियों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

जिले में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत किसानों के पंजीयन का कार्य लगातार तेजी से किया जा रहा है। अब तक एक लाख 70 हजार से अधिक किसानों का सफलतापूर्वक पंजीयन कर उनकी किसान आईडी तैयार की जा चुकी है। जिले में कुल किसानों की संख्या लगभग 1.86 लाख है, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र लाभार्थियों की संख्या लगभग 1.20 लाख है।

जिला प्रशासन के अनुसार अब तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 93 प्रतिशत लाभार्थियों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूरा हो चुका है। इसी उपलब्धि के आधार पर बेमेतरा ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि शेष किसानों का पंजीयन भी शीघ्र पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने बताया कि लगभग 1301 लाभार्थियों का पंजीयन भूमि अभिलेख संयुक्त खाते में दर्ज होने के कारण लंबित था। ऐसे मामलों में संबंधित तहसीलदारों द्वारा भू-अभिलेखों को अद्यतन कर पंजीयन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। वहीं लगभग 4195 किसानों का पंजीयन मोबाइल फोन की अनुपलब्धता, अन्य राज्यों में पलायन तथा कुछ तकनीकी एवं व्यक्तिगत कारणों से अभी बाकी है।

गौरतलब है कि शासन ने धान उपार्जन के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन को अनिवार्य कर दिया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की आगामी किस्तों का लाभ प्राप्त करने के लिए भी एग्रीस्टैक किसान आईडी आवश्यक होगी। जिन किसानों का पंजीयन नहीं होगा, उन्हें भविष्य में योजना की किस्त प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

जिला प्रशासन ने शेष पात्र किसानों से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपने निकटतम चॉइस सेंटर, सहकारी समिति अथवा निर्धारित पंजीयन केंद्र में जाकर एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन कराएं। इससे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित शासन की अन्य किसान हितैषी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त किया जा सकेगा।

प्रशासन ने किसानों को आवश्यक सहायता के लिए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों, पटवारियों तथा कृषि विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी विभागों के सहयोग और किसानों की सहभागिता से शीघ्र ही जिले के शत-प्रतिशत पात्र किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूरा कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया जाएगा।