बिलासपुर के विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर दूरदर्शी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही। बरतोरी-मोहतरा मार्ग पर सड़क के बीच बिजली खंभे लगाने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए। बैठक से अनुपस्थित चार अधिकारियों को शो-कॉज नोटिस जारी करने को कहा। जलभराव के स्थायी समाधान, सड़कों की मरम्मत, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन और मल्हार-रतनपुर के समन्वित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

Aug 9, 2026 - 12:13
Aug 9, 2026 - 12:14
 0  2
बिलासपुर के विकास कार्यों में तेजी और गुणवत्ता पर जोर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को वर्तमान के साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में बिल्हा के बरतोरी से मोहतरा मार्ग पर सड़क के बीच बिजली के खंभे लगाए जाने के मामले पर उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत के सीईओ को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में जिम्मेदार अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक से अनुपस्थित चार अधिकारियों को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने बिल्हा, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायत के सीईओ तथा रतनपुर नगर पालिका के सीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अपने विभागों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जलभराव के स्थायी समाधान पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने बिलासपुर शहर में बारिश के दौरान सामने आई जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था तैयार की जाए जिससे आने वाले वर्षों में लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

उन्होंने बारिश के कारण सड़कों पर होने वाले गड्ढों और क्षति की मरम्मत की तैयारी अभी से करने को कहा, ताकि बारिश समाप्त होते ही सड़क सुधार के काम तत्काल शुरू किए जा सकें। उन्होंने निर्माण विभागों की अलग बैठक लेकर कार्यों की विस्तृत समीक्षा करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

मौसमी बीमारियों की रोकथाम

बैठक में मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने गांव स्तर तक लगातार निगरानी रखने और मितानिन स्तर तक जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि कोटा विकासखंड में अब तक मलेरिया के 48 मरीज मिले हैं, जिनमें 6 मरीज उपचाररत हैं। प्रभावित क्षेत्रों में रोटरी क्लब के सहयोग से 1500 मच्छरदानियां वितरित की जा रही हैं।

किसानों के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन पर जोर

कृषि विभाग ने बताया कि पर्याप्त बारिश के कारण जिले में फसलों की स्थिति अच्छी है और बांधों में भी पर्याप्त जलभराव है। खाद और बीज की उपलब्धता भी पर्याप्त बताई गई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन जरूरी है। उन्होंने गांव-गांव शिविर लगाकर किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए, ताकि पंजीयन के अभाव में कोई किसान धान बेचने से वंचित न हो।

मल्हार-रतनपुर के लिए बनेगा मास्टर प्लान

उप मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक नगरी मल्हार और रतनपुर के समन्वित एवं सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों स्थानों की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समग्र विकास योजना तैयार करने पर जोर दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, अधोसंरचना विकास और साफ-सफाई के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बिलासपुर में आईएसडीपी योजना के तहत निर्मित आवासों की आवश्यक मरम्मत कराकर पात्र गरीब परिवारों को शीघ्र आवंटित करने को भी कहा।

जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जिले की 804 सिंगल विलेज योजनाओं में से 310 पूरी हो चुकी हैं और 219 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। उप मुख्यमंत्री ने योजनाओं के संचालन और रखरखाव में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जिला अस्पताल की जीवनदीप समिति और शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की आयुष समिति की बैठक हुई। इसमें अस्पताल और महाविद्यालय की सुविधाओं तथा विकास कार्यों से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृति दी गई। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने उप मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।