विधायक एवं जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और रक्षा सूत्र अर्पित करते हुए प्रदेश और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं सुरक्षा की कामना की।
पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित करने की परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, पारिवारिक संस्कार, आपसी प्रेम और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश भी दिया जाता है। उन्होंने भगवान जगन्नाथ स्वामी से सभी परिवारों पर कृपा बनाए रखने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा कायम रखने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। बड़ी संख्या में माताओं और बहनों के पहुंचने से मंदिर परिसर में विशेष उत्साह का माहौल रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच महिलाओं ने भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित किया। इस अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए भी प्रार्थना की गई।
आयोजन में अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और समाजसेवी भी शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी, रायपुर महापौर मीनल चौबे और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित कई लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा भाजपा मीडिया पैनलिस्ट पीयूष मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राम प्रजापति, दलविंदर वेदी, जिला मंत्री अर्चना हुकरे, नगर निगम एमआईसी सदस्य महेंद्र खोडियार, संजना संतोष हियाल, अमर गिदवानी, संतोष सीमा साहू, पार्षद महेश ध्रुव, कैलाश बेहरा, महेश बघेल, राजेश गुप्ता, पुष्पा रोहित साहू, स्वप्निल मिश्रा, ममता सोनू तिवारी, ज्ञानचंद चौधरी और आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम की विशेषता करीब 2100 महिलाओं की सामूहिक सहभागिता रही। भगवान जगन्नाथ को रक्षा सूत्र अर्पित करने के दौरान महिलाओं ने प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया और कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी माताओं-बहनों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। आयोजन का समापन भगवान जगन्नाथ की कृपा से प्रदेश और पूरे देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की मंगलकामना के साथ भक्तिमय वातावरण में हुआ।