चिकित्सकों के लिए मानव स्वास्थ्य सेवा से बढ़कर, कोई खुशी और आनंद नहीं - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

रायपुर में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बस्तर संभाग के संवेदनशील ग्रामों में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों द्वारा लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में सेवा देने से मिलने वाली संतुष्टि आर्थिक लाभ से कहीं अधिक है। जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस पहल को बस्तर में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Nov 9, 2025 - 14:42
 0  40
चिकित्सकों के लिए मानव स्वास्थ्य सेवा से बढ़कर, कोई खुशी और आनंद नहीं - उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि चिकित्सकीय सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और मानवता के प्रति गहरी जिम्मेदारी है। संवेदनशील और दूरस्थ ग्रामों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना केवल उपचार ही नहीं, बल्कि मानवता का सच्चा स्पर्श है। उन्होंने कहा कि इस सेवा में मिलने वाली खुशी और संतोष को किसी भी प्रकार की आर्थिक प्राप्ति से तुलना नहीं की जा सकती।

उप मुख्यमंत्री शर्मा स्व बलिराम स्मृति मेडिकल कॉलेज, जगदलपुर के चरक सभागार में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों और अध्ययनरत छात्रों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कॉलेज प्रशासन और चिकित्सा दल द्वारा बस्तर संभाग के संवेदनशील क्षेत्रों में एक-दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की पहल को सराहनीय बताया।

उन्होंने कहा कि यह शिविर चिकित्सकों को न केवल चिकित्सा सेवा प्रदान करने का अवसर देता है, बल्कि उन्हें बस्तर क्षेत्र की संस्कृति, जनजीवन और परिस्थितियों को नज़दीक से समझने का वास्तविक अनुभव भी देता है। उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य शिविर में शामिल 18 सदस्यीय दल से परिचय प्राप्त किया और उनके योगदान की सराहना की।

जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी कहा कि बस्तर में शांति और विकास की प्रक्रिया को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को जनसुलभ बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील ग्रामों में इस प्रकार के शिविर क्षेत्र की जनता के लिए बड़ा सहारा हैं और इस पहल का व्यापक स्वागत होना चाहिए।

इस अवसर पर आईजी सुंदरराज पी. ने आगे की कार्ययोजना पर मेडिकल कॉलेज टीम के साथ विचार-विमर्श कर संवेदनशील क्षेत्रों में और अधिक सुव्यवस्थित एवं नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिंहा, डीन डॉ. प्रदीप बेक, अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू सहित मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।