उप जेल के सामने रील बनाने वाले दो युवकों पर कार्रवाई, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

धमतरी में उप जेल के मुख्य द्वार के सामने रील बनाने वाले दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने संवेदनशील सुरक्षा क्षेत्र में रील बनाकर सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रभावित करने पर कार्रवाई की।

Aug 21, 2026 - 09:09
Aug 21, 2026 - 09:11
 0  4
उप जेल के सामने रील बनाने वाले दो युवकों पर कार्रवाई, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l संवेदनशील एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों पर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देश पर 20 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के सामने सार्वजनिक रूप से रील बनाने वाले दो युवकों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि जिला जेल एवं उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के समीप दो युवक मोबाइल फोन से रील बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को उप जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समझाइश दी। पुलिस ने उन्हें वहां रील नहीं बनाने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न नहीं करने के लिए कहा। इसके बावजूद दोनों युवक सार्वजनिक स्थान पर लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शेख आसिफ पिता शेख अजीम, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी और जसवंत सिंह हिरा पिता जसविंदर सिंह हिरा, उम्र 23 वर्ष, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों युवकों को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। गिरफ्तारी की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दी गई।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील और सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित न करें। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के उत्साह में किसी भी संवेदनशील स्थान की सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा, अनुशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।