पदोन्नति में देरी के खिलाफ शिक्षकों का आंदोलन, संयुक्त संचालक कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
दुर्ग में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग को लेकर संयुक्त संचालक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि शासन द्वारा कई बार समय-सीमा तय किए जाने के बावजूद पात्र शिक्षक पदोन्नति आदेश का इंतजार कर रहे हैं। संघ ने 4 अक्टूबर 2026 तक आदेश जारी नहीं होने पर 5 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, दुर्ग l स्कूल शिक्षा विभाग में लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने आंदोलन का रुख अपना लिया है। बुधवार को संघ के पदाधिकारी और शिक्षक संयुक्त संचालक कार्यालय पहुंचे और पात्र शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय-सीमा के भीतर पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए तो 5 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ के अनुसार, प्रदेश में बड़ी संख्या में पात्र शिक्षक लंबे समय से पदोन्नति आदेश जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। शिक्षकों का कहना है कि पदोन्नति प्रक्रिया को पूरा करने के लिए शासन और स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित की गई, लेकिन इन समय-सीमाओं के बावजूद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
संघ ने बताया कि 15 मई 2026 को लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर की ओर से पदोन्नति प्रक्रिया 30 जून 2026 तक पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 30 जून को समय-सीमा बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दी गई। वहीं 10 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रक्रिया को 30 अगस्त 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।
शिक्षक संघ का कहना है कि निर्धारित अंतिम तिथि बीत जाने के बाद भी हजारों पात्र शिक्षक पदोन्नति आदेश की प्रतीक्षा कर रहे हैं। लगातार समय-सीमा बढ़ने के कारण शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। संघ ने विभाग से प्रक्रिया में तेजी लाने और पात्र शिक्षकों के पदोन्नति आदेश जल्द जारी करने की मांग की है।
4 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम
टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने शासन और शिक्षा विभाग को 4 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया है। संघ के मुताबिक यदि इस तारीख तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए तो 5 अक्टूबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ ने यह भी कहा है कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
शिक्षकों का कहना है कि वे लंबे समय से विभागीय प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अब संगठन ने पदोन्नति आदेश जारी कराने के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। संयुक्त संचालक कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर संघ ने विभाग से निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर शिक्षकों की मांग और विभाग की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। संघ की ओर से 5 अक्टूबर से प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही गई है।