वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने किया अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर का शुभारंभ
रायपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी ने अशोक लीलैंड के नए सर्विस सेंटर एवं शोरूम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में ग्राहक सेवा, रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और हरित परिवहन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश भैयाजी जोशी के एक दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर स्थित चौहान रिजॉर्ट में अशोक लीलैंड के नए सर्विस सेंटर एवं शोरूम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उद्योग, रोजगार सृजन, ग्राहक सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुरेश भैयाजी जोशी रहे, जबकि इसकी अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की। समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ मध्य क्षेत्र के संघचालक पूर्णेंदु सक्सेना सहित कई सामाजिक, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में वृक्षारोपण भी किया गया। अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और हरित वातावरण के निर्माण में समाज की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
चौहान ग्रुप के अध्यक्ष अजय चौहान ने कहा कि नए अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर के माध्यम से ग्राहकों को आधुनिक और बेहतर गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही संस्थान पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए वृक्षारोपण और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देगा।
कार्यक्रम के दौरान अशोक लीलैंड के छत्तीसगढ़ एवं विदर्भ क्षेत्र के प्रमुख ने कंपनी की भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से कंपनी हाइड्रोजन आधारित वाहनों और इलेक्ट्रिक वाहनों (ई-व्हीकल) के विकास एवं उपयोग को बढ़ावा दे रही है। उनका कहना था कि स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता है और इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ टिकाऊ विकास को भी गति मिलेगी।
समारोह में ग्राहक सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा परिवहन क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को प्रोत्साहित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उद्योगों की सामाजिक जिम्मेदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और समाज के समग्र विकास में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
कार्यक्रम में सच्चिदानंद उपासने, सूरज चौहान, परमा भाई, कैलाश मुरारका, अशोक लीलैंड के पदाधिकारी, चौहान परिवार के सदस्य तथा बड़ी संख्या में उद्योग जगत से जुड़े लोग और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नए सर्विस सेंटर की स्थापना को क्षेत्र में बेहतर ग्राहक सेवाओं, रोजगार के अवसरों और हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।