सूरजपुर में अंधे कत्ल का खुलासा, प्रतापपुर पुलिस ने हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में शोभा राम की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच के दौरान पुलिस ने रामचन्द्र नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक से लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद कर जब्त की गई है।
UNITED NEWS OF ASIA. विकास श्रीवास्तव, सूरजपुर l जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवेचना के दौरान घटना से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए, जिसके आधार पर संदेही से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा घटना में शामिल होने की बात स्वीकार किए जाने का पुलिस ने दावा किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुटासी यानी हथौड़ी बरामद कर जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक लौरेंश लकड़ा, पिता स्वर्गीय शोभा राम, उम्र 35 वर्ष, निवासी गोपालपुर पहाड़पारा थाना राजपुर जिला बलरामपुर ने घटना की सूचना दी थी। उसके अनुसार उसके पिता शोभा राम 16 अगस्त 2026 को दिन में गोपालपुर स्थित अपने घर से प्रतापपुर के घर गए थे। इसके बाद 21 अगस्त को उसके चाचा गिरधारी लकड़ा के पास गोपालपुर पहाड़पारा निवासी अनिल दुबे का फोन आया। फोन पर बताया गया कि शोभा राम उर्फ टेलर की प्रतापपुर स्थित घर में मौत हो गई है और जाकर देखने की बात कही गई।
सूचना मिलने के बाद 21 अगस्त को थाना प्रतापपुर में मर्ग क्रमांक 113/2026 कायम किया गया। प्रतापपुर पुलिस एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी के साथ मौके पर पहुंची, जहां शोभा राम मृत अवस्था में मिले। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए थे। मर्ग जांच के दौरान प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने सिर पर गंभीर चोट पहुंचाकर उसकी हत्या की है। इसके बाद थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 243/2026 के तहत धारा 103(1), 238 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने अज्ञात आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रतापपुर पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू की और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रामचन्द्र, पिता बिगन राम, उम्र 46 वर्ष, निवासी ग्राम मायापुर-1 और वर्तमान पता मिशन चौक प्रतापपुर की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में रामचन्द्र ने बताया कि वह मृतक को करीब 40 वर्षों से जानता था और पिछले करीब 20 वर्षों से मृतक के घर में बिना किराये के रह रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी कारण मृतक उसे घर छोड़कर जाने के लिए बार-बार कहता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद और कहासुनी होती थी। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद से नाराज होकर आरोपी ने शोभा राम पर हथौड़ी से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुटासी यानी हथौड़ी बरामद कर जब्त की। इसके बाद रामचन्द्र को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच में उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रतापपुर नरेन्द्र सिंह, एसआई विवेक खलखो, पीएसआई सम्पत मंडावी, प्रधान आरक्षक अलबिनुस तिर्की, रविशंकर चौबे, आरक्षक राजकुमार पासवान, अशोक कनौजिया, रामदयाल राठिया और निरंजन एक्का की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।