सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का व्यापारियों ने किया विरोध, सांसद विजय बघेल से पुनः समीक्षा की मांग

भिलाई में सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित करीब 1 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने विरोध जताया है। गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ और होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित व्यापारियों ने सांसद विजय बघेल को ज्ञापन सौंपकर परियोजना को तत्काल स्थगित करने और इसकी उपयोगिता की पुनः समीक्षा कराने की मांग की। व्यापारियों ने ट्रैफिक सर्वे, डीपीआर और तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा प्रभावित लोगों के साथ जनसुनवाई कराने की मांग की है। सांसद ने व्यापारियों की बात सुनने के बाद अधिकारियों से परियोजना पर पुनर्विचार करने को कहा।

Aug 27, 2026 - 11:37
 0  2
सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर का व्यापारियों ने किया विरोध, सांसद विजय बघेल से पुनः समीक्षा की मांग

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l भिलाई के सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित करीब 1 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में चिंता और असहमति सामने आई है। गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ तथा होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सांसद विजय बघेल के सेक्टर 5 स्थित निवास कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करने और इसकी उपयोगिता तथा जनहित के दृष्टिकोण से दोबारा समीक्षा कराने की मांग की।

व्यापारियों का कहना है कि सुपेला चौक से गदा चौक तक का मार्ग भिलाई के महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। व्यापारियों के अनुसार सड़क की चौड़ाई लगभग 100 से 150 फीट होने के कारण वर्तमान में यहां आवागमन को लेकर ऐसी गंभीर समस्या नहीं है, जिसके समाधान के लिए फ्लाईओवर आवश्यक हो। उनका दावा है कि फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस रोड, चौराहों और आसपास के बाजारों में यातायात तथा पार्किंग की समस्या बढ़ सकती है।

ज्ञापन में व्यापारियों ने परियोजना शुरू करने से पहले स्वतंत्र और तकनीकी स्तर पर ट्रैफिक सर्वे कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान यातायात दबाव के साथ भविष्य की जरूरतों का वैज्ञानिक आकलन भी किया जाना चाहिए। सर्वे की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग करते हुए व्यापारियों ने यह भी पूछा कि प्रस्तावित फ्लाईओवर यातायात समस्या का स्थायी समाधान है या नहीं।

व्यापारियों ने निर्माण से होने वाले आर्थिक प्रभाव का स्वतंत्र सर्वे कराने की मांग भी रखी है। उनके अनुसार सड़क के दोनों ओर मौजूद दुकानों में आने वाले ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। निर्माण कार्य के दौरान लंबे समय तक यातायात अवरोध, धूल, दुर्घटना के जोखिम और कारोबार पर पड़ने वाले प्रभाव का भी आकलन किया जाना चाहिए।

व्यापारी संगठनों का दावा है कि इस परियोजना से करीब 500 व्यापारियों के हित प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने परियोजना की लागत, उपयोगिता, स्वीकृति प्रक्रिया, डीपीआर, तकनीकी रिपोर्ट और ट्रैफिक सर्वे से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि फ्लाईओवर के अलावा किसी वैकल्पिक यातायात व्यवस्था का अध्ययन किया गया है या नहीं।

व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में बेहतर सड़क और यातायात व्यवस्था के साथ विकास जरूरी है, लेकिन किसी भी परियोजना में जनहित, स्थानीय व्यापारियों के हित और भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने प्रभावित व्यापारियों और नागरिकों के साथ खुली एवं पारदर्शी जनसुनवाई कराने की मांग की है।

ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करने, स्वतंत्र तकनीकी और ट्रैफिक सर्वे कराने, परियोजना की डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने और प्रभावित लोगों से परामर्श करने की मांग की गई है। व्यापारियों का कहना है कि यदि सर्वे में फ्लाईओवर की आवश्यकता प्रमाणित नहीं होती है तो परियोजना को निरस्त कर उपयुक्त वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार किया जाना चाहिए।

सांसद विजय बघेल ने सुपेला व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बात सुनी और उनकी चिंताओं को अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित परियोजना पर पुनर्विचार करने को कहा। अब व्यापारियों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की आगामी कार्रवाई पर है।