प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम आवास और ई-बस निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बिलासपुर के सकरी और कोनी में पीएम आवास योजना तथा पीएम ई-बस सेवा के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए कमियां 15 दिनों में दूर करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बिलासपुर में 12 मार्गों पर 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी।

Oct 7, 2026 - 11:06
 0  6
प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने पीएम आवास और ई-बस निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह. रायपुर l नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने 6 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर जिले के सकरी और कोनी क्षेत्र का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम ई-बस सेवा के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और अधूरे कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, बिलासपुर नगर निगम के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बनाए गए आवासीय परिसर का निरीक्षण करते हुए प्रमुख सचिव ने निर्माण कार्यों की बारीकी से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ आवासों में फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगाए जाने और फिनिशिंग का काम अधूरा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को इन कमियों को तत्काल दूर करने तथा फिनिशिंग का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

सोनमणि बोरा ने आवासों में किचन और प्लेटफॉर्म के आकार को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और अब तक पूरे किए गए कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने, रहवासियों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाने और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने को भी कहा।

सकरी में लगभग 11 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से कुल 261 आवास तैयार किए गए हैं। इन आवासों में अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्य शेष हैं। प्रमुख सचिव ने सभी लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिनों बाद परियोजना की प्रगति की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद प्रमुख सचिव ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और बस स्टॉप को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों की सुविधा के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से यात्रियों को बसों के समय और आवागमन की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।

पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जाएंगी। इनमें 9 मीटर लंबाई वाली 35 बसें और 7 मीटर लंबाई वाली 15 बसें शामिल हैं। इन बसों का संचालन शहर के 12 मार्गों पर प्रस्तावित है। मार्गों के निर्धारण में स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ पर्यटन स्थलों तथा उच्च न्यायालय तक आवागमन की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।

कोनी स्थित सिटी बस डिपो में ई-बस संचालन के लिए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन निर्माण के लिए कुल 11 करोड़ 45 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सिविल अधोसंरचना के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपए, सब-स्टेशन के लिए 1 करोड़ 59 लाख रुपए और उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपए का प्रावधान है। वर्तमान में सिविल अधोसंरचना का लगभग 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन का करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में कैफेटेरिया और रैनबसेरा विकसित करने की भी योजना है।