धान खरीदी में पारदर्शिता और सुगमता से किसानों में उत्साह, सुविधाओं से खुश दिखे ग्रामीण

कबीरधाम जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। टोकन तुहार हाथ ऐप से किसान स्वयं टोकन निकालकर आसानी से धान बेच रहे हैं। ग्राम दशरंगपुर के किसान घनश्याम चंद्राकर ने खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुविधाजनक बताया।

Nov 21, 2025 - 16:53
 0  11
धान खरीदी में पारदर्शिता और सुगमता से किसानों में उत्साह, सुविधाओं से खुश दिखे ग्रामीण

 UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम | जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य इस वर्ष भी पूरी पारदर्शिता और सुगमता के साथ जारी है। 15 नवंबर से खरीदी प्रारंभ होते ही किसानों में उत्साह नजर आ रहा है और वे अपने-अपने उपार्जन केंद्रों में लगातार पहुँच रहे हैं। प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएँ जैसे बारदाना, पेयजल, तौल व्यवस्था और प्रतीक्षा के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नवीन पंजीयन एवं रकबा संशोधन की अंतिम तिथि 19 से बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है।

ग्राम दशरंगपुर के किसान घनश्याम चंद्राकर, जिनके पास 8 एकड़ कृषि भूमि है, उन्होंने टोकन तुहार हाथ ऐप के माध्यम से स्वयं मोबाइल से 60 क्विंटल का पहला टोकन निकालकर धान बेचा। घनश्याम ने बताया कि उपार्जन केंद्र में तौलाई से लेकर बारदाना और पेयजल तक सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित मिलीं। वे मुस्कुराते हुए कहते हैं कि धान इतनी आसानी और तेजी से बिक गया कि पता ही नहीं चला। अब वे शेष धान बेचने के लिए दोबारा ऑनलाइन टोकन निकालने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टोकन तुहार हाथ ऐप ने प्रक्रिया को बेहद आसान बना दिया है और सरकार व जिला प्रशासन किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रख रहे हैं।