दर्री जोन के शासकीय स्कूल अगारखार के पास आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों की शुरुआत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के शासकीय विद्यालयों की अधोसंरचना को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से स्कूलों में नए भवनों का निर्माण, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, किचन शेड तथा सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। इन प्रयासों से छात्रों को बेहतर वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में कोसाबाड़ी जोन के अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर, सीएसईबी कोरबा में भी भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां मंत्री देवांगन ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कोरबा नगर सहित पूरे जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था बच्चों के अंदर भारत और भारतीयता के प्रति भाव जागृत करने तथा उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में समाज का नेतृत्व कर रहे हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे रहे हैं।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के हर पैमाने पर 100 प्रतिशत खरा उतर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मार्गदर्शन में शहर में सीसी रोड, नाली, पेयजल, सफाई, स्कूल भवन और आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण जैसे कई कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
महापौर ने बताया कि शहर के 10 प्रमुख नालों को जोड़कर एसटीपी प्लांट के माध्यम से पानी का ट्रीटमेंट करने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्कूलों में शौचालय नहीं होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इन सुविधाओं के निर्माण से बच्चों को बेहतर माहौल में शिक्षा प्राप्त होगी और उनका भविष्य उज्ज्वल बनेगा।
इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।