संकल्प बजट 2026: युवाओं के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला

छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत ‘संकल्प बजट’ को युवाओं के लिए ऐतिहासिक बताया गया। पंडरिया में नालंदा परिसर, 32 हजार भर्तियों, आयु सीमा में छूट, तकनीकी शिक्षा उन्नयन और स्वरोजगार योजनाओं से युवाओं के चेहरे खिलने की उम्मीद जताई गई।

Feb 24, 2026 - 19:33
 0  8
संकल्प बजट 2026: युवाओं के सर्वांगीण विकास की मजबूत आधारशिला

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सदन में ‘संकल्प बजट’ प्रस्तुत किया। इस बजट में प्रदेश के युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं।

कबीरधाम जिले के पंडरिया में नालंदा परिसर की स्थापना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण, गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण प्राप्त होगा और उनके सपनों को नई दिशा मिलेगी। इस युवा कल्याणकारी बजट के लिए प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी तथा पंडरिया क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा के प्रति युवाओं ने आभार व्यक्त किया है।

प्रदेश सरकार द्वारा 32 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही, इस बजट में अधिकतम आयु सीमा में पाँच वर्ष की छूट का प्रावधान युवाओं के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की स्थापना से विद्यार्थियों को बेहतर और सस्ती शिक्षा राज्य में ही उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें अन्य राज्यों में जाने की आवश्यकता कम होगी।

बजट में तकनीकी शिक्षा संस्थानों के उन्नयन, नए आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों की स्थापना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु सहायता योजनाएँ तथा स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के प्रावधान शामिल हैं। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर मिलने की उम्मीद है।

स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत आसान ऋण सुविधा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की घोषणा से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग के माध्यम से खेल अधोसंरचना विकास के लिए विशेष राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

यह बजट युवाओं की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अपेक्षा है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जाएगा।