6 महीने से सचिव और रोजगार सहायक के बिना चल रही देचुआ पंचायत, ग्रामीणों के जरूरी काम ठप

सागर जिले के केसली विकासखंड की ग्राम पंचायत देचुआ में पिछले 6–7 महीनों से पंचायत सचिव और रोजगार सहायक के पद रिक्त होने के कारण ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समग्र आईडी, बीपीएल सूची, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन और अन्य योजनाओं से जुड़े कई कार्य लंबित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नियुक्ति की मांग की है।

Jul 18, 2026 - 12:53
Jul 18, 2026 - 12:56
 0  2
6 महीने से सचिव और रोजगार सहायक के बिना चल रही देचुआ पंचायत, ग्रामीणों के जरूरी काम ठप

UNITED NEWS OF ASIA. योगेश विश्वकर्मा, सागर l जिले के केसली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देचुआ में पिछले छह से सात महीनों से पंचायत सचिव और रोजगार सहायक के पद रिक्त होने के कारण ग्रामीणों को शासकीय कार्यों के लिए लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से अनेक प्रशासनिक सेवाएं प्रभावित हो गई हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में सचिव और रोजगार सहायक नहीं होने के कारण समग्र आईडी में नाम जोड़ने और संशोधन, बीपीएल सूची में नाम दर्ज कराने, जाति प्रमाण पत्रों के सत्यापन, दस्तावेजों पर आवश्यक हस्ताक्षर तथा अन्य पंचायत संबंधी कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। इन कार्यों के नहीं होने से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो रही है।

इसका असर शिक्षा व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। ग्राम के एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत करीब 40 विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र अब तक नहीं बन पाए हैं। प्रमाण पत्रों के अभाव में विद्यार्थियों के प्रवेश, छात्रवृत्ति तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में बाधा उत्पन्न हो रही है। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर को आवेदन भी सौंपा गया था, लेकिन अब तक पंचायत में सचिव और रोजगार सहायक की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों को बार-बार पंचायत और शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

ग्रामीण ममता अहिरवार ने बताया कि उनकी पुत्री के विवाह के बाद समग्र आईडी में नाम परिवर्तन का कार्य कई महीनों से लंबित है। वहीं प्रीति, फूलरानी, प्रेमरानी, अवधेश रानी और राजरानी सहित कई हितग्राहियों ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं हो पाने और नाम दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उपसरपंच शिवराज यादव, पंच कमल यादव, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा तथा अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत में जल्द से जल्द सचिव और रोजगार सहायक की नियुक्ति की जाए, ताकि लंबे समय से लंबित कार्यों का निराकरण हो सके और आम लोगों को समय पर शासकीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने से न केवल विकास कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि लोगों को आवश्यक दस्तावेज और योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई करेगा और पंचायत में रिक्त पदों को भरकर सामान्य व्यवस्था बहाल करेगा।