सड़क सुरक्षा माह 2026: विद्यालय बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच व प्रशिक्षण शिविर आयोजित

सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत कबीरधाम जिले में विद्यालय बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण, बसों के सुरक्षा उपकरणों की जांच और आपातकालीन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 120 बस चालक शामिल हुए।

Jan 13, 2026 - 16:11
 0  12
सड़क सुरक्षा माह 2026: विद्यालय बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरणों की सघन जांच व प्रशिक्षण शिविर आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत माननीय उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कबीरधाम जिले में विद्यालयीन परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से एक संयुक्त जांच एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर पीजी कॉलेज मैदान में परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यातायात विभाग एवं नगर सेना विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान जिला परिवहन अधिकारी  मोहन लाल साहू,  राजेश देवांगन एवं सुमित सोनी की टीम द्वारा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आई 120 स्कूल बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों में लगे अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकासी द्वार, स्पीड लिमिट डिवाइस, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTD), सीसीटीवी कैमरे, रिफ्लेक्टिव टेप एवं फर्स्ट-एड बॉक्स सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की विस्तारपूर्वक जांच की गई।

यातायात प्रभारी  अजयकांत तिवारी एवं उनकी टीम ने बस चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विशेष निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि स्कूल बस चालकों की सतर्कता ही बच्चों की सुरक्षा की पहली कड़ी है और नियमों का पालन अनिवार्य है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. धीरेंद्र शर्मा, नेत्र सहायक अधिकारी के नेतृत्व में सभी बस चालकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से चालकों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।

वहीं नगर सेना विभाग के अधिकारी  श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने चालकों को आगजनी अथवा दुर्घटना की स्थिति में आपातकालीन निकासी प्रक्रिया, बस में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग तथा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के संबंध में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।

इस शिविर के माध्यम से बस चालकों को सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आपातकालीन प्रबंधन की समग्र जानकारी दी गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यालयीन परिवहन व्यवस्था को पूर्णतः सुरक्षित बनाया जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो। सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आगे भी इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रहेंगे।